मंगलवार, 13 मार्च 2012

छोटे परदे पर फिर के के रैना


अभिनेता के के रैना ने करीब २२ साल पहले दूरदर्शन पर लोकप्रिय जासूसी सीरीज व्योमकेश बक्षी में अभिनय किया था अब एक बार फिर से के के रैना ११ मार्च से हर रविवार सुबह १० बजे से प्रसारित हो रहे चिन्मय मिशन के धारावाहिक ‘उपनिषद गंगा’ में दिखाई दे रहे हैं .चाणक्य फेम डॉ चंद्रप्रकाश दिव्वेदी द्वारा निर्देशित इस सीरियल में के के रैना ने चाणक्य, हरिदास, नारद व याज्ञवल्क्य के चरित्रों को निभाया है. टी वी धारावाहिकों के साथ-साथ रैना ने फिल्मों में भी अभिनय किया है जैसे तनु वेड्स मनु, रंग दे बसंती, दिल्ली -६, हाइजैक, फूंक, लक्ष्य, सलाम ए ईश्क और गाँधी. के के रैना अभिनय के साथ संवाद लेखन भी करते हैं.उनसे बातचीत -


· आपने कौन - कौन सी भूमिकाएं अभिनीत की है धारावाहिक “उपनिषद गंगा” में और कितना मुश्किल रहा इन्हें अभिनीत करना?

मैंने हरिदास, नारद, याज्ञवल्क्य और चाणक्य के चरित्रों को अभिनीत किया है मुश्किल तो नही रहा करना लेकिन मज़ा बहुत आया इन सभी चरित्रों को अभिनीत करने में. ‘चाणक्य’ को करना चुनौतीपूर्णजरुर रहा क्योंकि चाणक्य को पहले डॉ साहब ने खुद किया था. इसके अलावा एक उत्तर भारतीय संत के चरित्र को अभिनित करना भी बहुत ही यादगार रहा, जो कि दक्षिण में जाता है लेकिन उसे वहाँ की भाषा नही आती उसे बस एक शब्द ‘पर्विल्ला’ आता है जब कोई उससे कुछ भी पूछता है उसका जवाब होता है ‘पर्विल्ला’ मतलब सब ठीक है. इस चरित्र को मैंने शारीरिक हाव भाव के माध्यम से अभिनीत किया है.


· जब आपने टी वी पर काम करना छोड़ ही दिया था तब क्या वजह रही चिन्मय मिशन के ‘उपनिषद गंगा’ में काम करने की ?

मैंने टी वी पर आखिरी काम किया था ‘व्योमकेश बक्षी’ में. मुझे डॉ साहब ने बुलाया और कहा कि मैं ‘उपनिषद गंगा’ करना चाहता हूँ और चाहता हूँ कि आप भी इसमें काम करें मैंने कहा कि मैं तो टी वी अब करता नही उन्होंने मुझे ४ स्किप्ट दी और कहा कि पढ़ो अच्छा लगे तो करना. मैंने स्क्रिप्ट पढ़ी मुझे बहुत ही अच्छी लगी, जिस तरह से डॉ साहब थियेटर और सिनेमा दोनों को एक साथ लेकर काम करना चाहते थे वो बहुत ही काबिलेतारीफ था. इसके अलावा मैंने सोचा कि इसमें काम करके मैं भी कुछ जान व समझ सकता हूँ कि क्या हमारे ऋषि मुनियों ने इसमें कहा है. हम सब कहते हैं कि वेदों में उपनिषदों में यह कहा गया वो कहा गया है जबकि हममें से अधिकतर को नही पता कि सच में क्या कहा गया है.


क्या युवाओं को पसंद आयेगा ‘उपनिषद गंगा’ ?

हाँ जरुर क्योंकि उपनिषद में भी वो ही सब लिखा गया है जो कि आज के समाज की समस्या है जैसे शिक्षा का अधिकार सभी को है ऐसे ही पुराने समय में णक्य ने भी यही कहा कि शिक्षा सभी के लिए जरुरी है. जबकि लोग कहते हैं कि ब्राह्मणों ने शिक्षा को केवल अपने तक ही सीमित रखा था. किसी भी दूसरी जाति को शिक्षा हासिल नही करने देते थे. इसके अलावा अपने अतीत को भी हम ‘उपनिषद गंगा’ के माध्यम से जान सकते हैं. किसी लेखक ने भी कहा है कि “जब तक हम अपने अतीत को नही जानते तो जिंदगी भर आप एक बच्चा ही बने रहते हैं”. युवाओं को पता चलेगा कि आखिर उपनिषद में ऐसा क्या है जिसके बारे में हम सभी बातें करते है.


· आपने ‘चाणक्य’ के चरित्र को अभिनीत किया है तो क्या किसी तरह का कोई दवाब रहा आप पर क्योंकि डॉ साहब ने भी इसे अभिनीत किया था और वही इसे निर्देशित कर रहे थे ?

शुरू में तो कुछ दवाब होता है ही लेकिन जब आपके पास स्क्रिप्ट आ जाती है तब आपको अपने ही हिसाब से अभिनय करना होता है मैं तो वैसे भी सब कुछ भूल जाता हूँ कि पहले किस कलाकार ने इसे अभिनीत किया था मैं थियेटर से हूँ तो मुझे इसकी आदत है और डॉ साहब ने तो पूरे सीरियल में ही चाणक्य का चरित्र अभिनीत किया था जबकि मैंने तो बस एक ही एपिसोड में इसे अभिनीत किया है. मैंने डॉ साहब से बिल्कुल अलग ही तरह से इसे पेश किया है जब आप देखेगें तब आपको पता चलेगा.


· आप किसी भी चरित्र को अभिनीत करने से पहले कैसे उसकी तैयारी करते हैं ?

मुझे ३० साल हो गए मुझे अभिनय करते हुए अब तो इस सबकी आदत हो गयी है. लेकिन आज भी किसी भी चरित्र को अभिनीत करने से पहले मुझे निर्देशक से, लेखक व कास्ट्यूम डिजायनर से बात करनी पड़ती है व उस समय में पहुंचना होता है जिस समय की कहानी निर्देशक दिखाना चाहता है.


· ‘उपनिषद गंगा’ के अलावा क्या कर रहे हैं ?

एक कश्मीरी फिल्म कर रहा हूँ इसके अलावा एक नाटक भी कर रहा हूँ जिसका नाम नमस्ते है.

ट्विटर ने पायल को मुसीबत में डाला !!!


पायल रोहतगी विवाद खड़े करना जानती हैं और इस बार उन्होंने स्टार प्लस के रियालिटी शो सर्वाइवर इंडिया की अपनी सह-प्रतिभागी मुनीषा खटवानी के खिलाफ मोर्चा खोला है। पायल ने टैरो कार्ड रीडर मुनीषा के खिलाफ उनके ट्विटर अकाउंट पर बहुत आक्रामक टिप्पणी की है।
मुनीषा ने बदले में पायल के खिलाफ एफआइआर दर्ज करा दी है। उन्होंने टिप्पणी भी की, ‘‘पायल पागल हो गयी है। मुझे समझ में नहीं आता कि कोई अभद्रता के इस स्तर तक कैसे गिर सकता है। वह अपना कैरियर जीरो होने की वजह से निराश हो गयी है। मुझे लगता है कि सबको पता है कि पायल अपने जीने के लिये कौन सा काम करती है।’’ हालांकि, बाद में पायल का मन बदल गया और उसने मुनीषा के ट्विटर पेज पर जाकर माफी मांगी। शो का ग्राण्ड फिनाले इस शनिवार रात 9 बजे होगा जहां जेडी, स्टिथ और राजरानी में से किसी एक को पहले सर्वाइवर इंडिया का ताज पहनाया जायेगा। तो इस गलाकाट खेल में कौन विजेता साबित होगा ?

देखिये सर्वाइवर इंडिया का ग्रैंड फिनाले इस शनिवार 17 मार्च 2012 को रात 9 बजे सिर्फ स्टार प्लस पर

शाहरुख खान की दीवानी नेहा कक्कड


लोग कहते हैं कि अभिनेता शाहरुख खान अब बूड़े हो गए हैं जबकि ऐसा नही है वो आज भी जवां लड़कियों के दिलों की धडकन हैं और यह बात साबित कर दी है गायिका नेहा कक्कड़ ने अपने गीत ‘शाहरुख खान’ को गाकर, टोनी कक्कड़ द्वारा लिखित व संगीतबद्ध किये गए इस गीत की लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि चार ही दिन में यू ट्यूब में इसे १ लाख ६० हज़ार दर्शकों ने देखा.

नेहा की बहुत ही सेक्सी आवाज में गाये इस गीत को सुनकर शाहरुख खान भी शरमा गये और उन्होंने ट्वीट भी किया कि “नेहा की आवाज बहुत ही प्यारी है और उसने बहुत ही मीठी आवाज में गीत को गाया है”. शाहरुख खान के प्रशंसकों ने तो इस गीत को “शाहरुख खान ऐन्थेम” का नाम भी दे दिया है. यह गाना इतना लोकप्रिय हो गया है कि श्रोता इसे अलग -- अलग भाषाओ में भी सुनना चाहते हैं. तो हो सकता है कि जल्दी ही नेहा कक्कड़ की मधुर आवाज में उन्हें अलग - अलग भाषाओ में यह गीत सुनने को मिलें.

नेहा से पूछने पर कि क्या उनको पता था कि उनका गाया यह गीत इतना हिट होगा ? उन्होंने कहा, ‘नही, बिलकुल नही मैं तो शाहरुख खान की दीवानी हूँ मेरे प्रिय अभिनेता हैं शाहरुख, तो मैंने सोचा कि क्यों न कुछ उनके लिए भी गाऊं. मैंने अपने भाई टोनी से इस बारे में बात की. उन्होंने इस गीत के बोल लिखे और संगीत भी तैयार किया है. मैं बहुत ही खुश हूँ कि शाहरुख ने मेरे गाने को नोटिस किया.”

शुक्रवार, 16 सितंबर 2011

सुपर बैडी अर्जुन रामपाल


अर्जुन रामपाल को कहें या सुपर मॉडल तो गलत कहीं से नहीं है। इन दिनों शाहरुख खान की जितनी चर्चा "रा.वन' को लेकर है, उससे कम चर्चा अर्जुन रामपाल की नहीं है। शाहरुख के कैरेक्टर जी.वन का लुक तो सामने चुका है लेकिन शीर्षक रोल निभा रहे अर्जुन रामपाल के रा.वन का लुक अब तक जगजाहिर नहीं हुआ है। इस फिल्म के म्यूजिक लॉन्च के अवसर पर अर्जुन रामपाल ने बताया-

शाहरुख का साथ
दोस्ती केवल प्रोफेशनली है बल्कि पर्सनली भी। शाहरुख की एनर्जी का जवाब नहीं। उनका काम इतना अच्छा है कि लोग तारीफें करते नहीं थकते। हम सब तो सेट पर उनकी एनर्जी से एनर्जाइज होते रहते हैं।

शाहरुख का सामना
"ओम शांति ओम' के बाद वह फिर से मेरे सामने हैं। उसमें तो वह मेरे सामने मर चुके थे, इसमें भी मरने की कोशिश में हैं। वैसे आपको बता दूं कि इस फिल्म के लिए उन्होंने जबरदस्त वर्कआउट किया है। उनका लुक देखने लायक है। रा.वन के साथ जीवन की यह टक्कर सबको पसंद आने वाली है।

रा.वन का लुक
मेरे द्वारा निभाए गए इस लुक को अब तक छिपाकर रखा गया है। सिर्फ जी.वन के लुक को प्रदर्शित किया गया है। देखिए, शाहरुख का मानना है कि बुराई हम सबके अंदर छिपी होती है। इसका कोई रूप और रंग नहीं होता। यही वजह है कि रा.वन के लुक को जगजाहिर नहीं किया गया है।

फिटनेस रेजिम
इसके लिए मैंने खास मेहनत की है। इस चरित्र को निभाना आसान तो नहीं था और सबसे बड़ी बात यह है कि यह साई-फाई फिल्म है तो इसके लिए मुझे अपने लुक और फिटनेस पर खास मेहनत करनी पड़ी।

पौराणिक रावण से अलग
यह पौराणिक रावण की तरह तो नहीं हो सकता। यह साई-फाई फिल्म है तो मॉडर्न अप्रोच है इसमें। यह बाप-बेटे के बीच की इमोशनल कहानी है। मैं उम्मीद करता हूं कि इस फिल्म को देखने के बाद सारे बच्चे 'रावण-रावण" चिल्लाएं।

सबकुछ
इसलिए ताकि वे इंटरटेन हो सकें। यह फिल्म सबसे अलग है और सबसे मजेदार भी। इसमें अच्छाई के साथ बुराई, रोमांस, एक्शन, बाप-बेटे का प्यार और भी बहुत कुछ देखने को मिलेगा। यदि इतनी सारी चीजें एक ही कहानी में हों तो भला किसे पसंद नहीं आएंगी।

फेवरेट सुपर हीरो
हमने सुपर हीरो फिल्म बनाई है। मेरे फेवरेट सुपर हीरो शाहरुख ही हैं। जीवन के गेटअप में वह कमाल के दिख रहे हैं। उनके पास सुपर हीरो की क्वालिटी है।

सफर
"प्यार इश्क और मोहब्बत' से लेकर "रा.वन' तक का सफर काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। मैंने अपने करियर का चढ़ाव भी देखा तो उतार भी। मैंने सीखा है कि हमें कभी भी पुराने समय को नहीं भूलना चाहिए और जमीन से जुड़े रहना चाहिए।

गुरुवार, 15 सितंबर 2011

दिक्कत में शाहरुख



नई फिल्म और नये लुक के साथ शाहरुख खान दर्शकों के सामने हैं। फिल्म "रा.वन' के म्यूजिक लॉन्च के अवसर पर शाहरुख ने फिल्म और अपने बेटे से जुड़ी बातें करके सबको लोट-पोट कर दिया। अपनी सबसे महंगी फिल्म को लेकर शाहरुख कुछ ज्यादा ही एक्साइटेड शाहरुख से बातचीत-

फिल्म "रा.वन' करने का कोई खास मकसद?
मैं पिछले 20 सालों से काम कर रहा हूं। मेरे बच्चे सोचते थे कि मैं सिर्फ नाच-गा सकता हूं, माचो टाइप के रोल्स नहीं कर सकता हूं इसलिए मेरे लिए जरूरी हो गया था कि मैं उन्हें दिखाऊं कि मैं भी माचो मैन बन सकता हूं (हंसते हुए) वैसे आपको बता दूं कि हमारे यहां सुपर हीरो का कोई कॉन्सेप्ट नहीं है। मैं अपने देश के लिए अपना सुपर हीरो इंट्रोडउस करना चाहता था।

फिल्म में आपके चरित्र के दो नाम हैं, दोनों में क्या समानता है?
एक का नाम जीवन है तो दूसरे का शेखर। शेखर अपनी पत्नी और बेटे से बहुत प्यार करता है। हर समय उसे प्रपोज करता रहता है। दूसरी ओर, जीवन भी उससे बहुत प्यार करता है। यह फिल्म सिर्फ एक्शन के बारे में है बल्कि इसमें रोमांस और बाप-बेटे की प्यारी सी कहानी भी है।

बाप-बेटे का रिश्ता दिखाने की कोई खास वजह?
हर बेटा अपनी मां के नजदीक होता है। मेरे पिता नहीं हैं। मैं खुद अपनी मां के नजदीक हूं। मेरा बेटा भी सोचता है कि मैं कूल नहीं हूं। मैं ऐसी फिल्म बनाना चाहता था। मुझे उम्मीद है कि इस फिल्म के बाद बाप और बेटे भी एक-दूसरे से ज्यादा प्यार करेंगे।

इस फिल्म में आपने जो कॉस्टउम पहना है, वह काफी भारी दिखता है?
बस दिखता ही है, असल में काफी पतले फैब्रिक का बना है। बस दिक्कत यही है कि उसे पहनने के बाद मुझे हाथ-पैर स्ट्रेच करने में दिक्कत होती थी। और, उससे भी बड़ी दिक्कत यह कि उसमें गर्मी बहुत लगती थी।

करीना के साथ कम फिल्में करने की क्या वजह है?
करीना बहुत व्यस्त रहती हैं। उनके पास समय की कमी है। बड़ी मुश्किल से उन्होंने इस फिल्म के लिए अलग से समय निकाला। उनके पास डेट्स लेने जाओ तो दो-ढाई साल बाद की डेट्स मिलती है।

एकॉन से गाना गवाने की प्रेरणा कहां से मिली?
इसका पूरा श्रेय विशाल-शेखर को जाता है। वह देरी से काम करते हैं पर जबरदस्त करते हैं। मुझे याद है जब मेरा बेटा 5-6 साल का था तो हम दोनों कार में एकॉन का गाना सुनते थे। जब इस गाने को गवाने की बारी आई तो दिमाग में एकॉन का ही नाम आया।

इस फिल्म के बाद क्या?
पहले तो यह फिल्म रिलीज हो जाए। वैसे इसके बाद मैं फिर से रोमांटिक फिल्मों की ओर लौटूंगा।

क्या यह सच है कि यह फिल्म अन्य भाषाओं में भी रिलीज होगी?
बिल्कुल सच है। तमिल और तेलुगु में तो डब हो रही है। मैं तो चाहता हूं कि जर्मन के अलावा अन्य विदेशी भाषाओं में भी डब हो जाए।